स्याना के दूध प्लांट में काम करने वाले जखैड़ा रहमतपुर गांव के एक व्यक्ति की ठंड के कारण ब्रेन हैमरेज होने से मौत हो गई।
उसने इलाज के दौरान मेरठ के अस्पताल में दम तोड़ दिया। वह प्रतिदिन साइकिल से दूध प्लांट आता-जाता था।
बहादुरगढ़ के गांव जखैड़ा रहमतपुर निवासी हरिशंकर शर्मा (55) जिला बुलंदशहर के कस्बा स्याना स्थित दूध प्लांट में पार्किंग में काम करता था। वह प्रतिदिन अपने घर से साइकिल से प्लांट में आते-जाते थे।
बताया गया कि बुधवार शाम जब वे ड्यूटी कर घर लौटे तो अचानक ठंड लगने से तबियत बिगड़ गई। परिजन उन्हें स्थानीय अस्पताल ले गए। नाक से खून आने पर हरिशंकर को डॉक्टरों ने मेरठ रेफर कर दिया।
इलाज के दौरान हरिशंकर की मौत हो गई। हरिशंकर के छोटे भाई प्रेमी शंकर ने बताया कि मेरठ में डॉक्टरों ने बताया कि हरिशंकर शर्मा हाई ब्लड प्रेशर के मरीज थे।
अधिक सर्दी लगने पर ब्रेन स्ट्रोक उनकी मौत का कारण बना। हरिशंकर के पांच बच्चे हैं। ठंड से ग्रामीण के मौत की जानकारी मुझे नहीं है।
ठंड से बचाव के लिए जिले कंबल बंटवाएं गए हैं और रैन बसेरों पर उचित व्यवस्था करने के निर्देश अफसरों को दिए हैं। शहर और देहात अलाव की व्यवस्था करने को कहा गया है। - अजय यादव, डीएम, हापुड़
हाई ब्लड प्रेशर वाले मरीज की सर्दी लगने पर ब्रेन स्ट्रोक से मौत होनी संभव है, लेकिन इस समय धूप निकलने के कारण ज्यादा सर्दी नहीं है।
ऐसे में ब्रेन स्ट्रोक होने की संभावना कम है। - डॉ. आरवी सिंह, कार्यवाहक सीएमओ
हाई ब्लड प्रेशर वाले मरीजों को अधिक सर्दी में ब्रेन स्ट्रोक होने की संभावना बनी रहती है। ऐसे लोगों को तेज ठंड से बचने की जरूरत है। - डॉ. रविंद्र, सीएचसी अधीक्षक