नगर कोतवाली क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी पुत्री कक्षा 10 की छात्रा है। रोजाना स्कूल आते-जाते समय एक युवक उसकी पुत्री के साथ छेड़छाड़ करता है। आरोप है कि युवक दूसरे समुदाय का है और नाम बदलकर छात्रा को अपने प्रेम जाल में फंसाना चाहता है।
गत 16 दिसंबर को उसकी पुत्री स्कूल से घर वापस लौट रही थी। उसी दौरान रास्ते में युवक ने उसकी पुत्री को रोक लिया। साथ ही उसके साथ प्रेम का इजहार किया। लेकिन, उनकी पुत्री ने आरोपी को इनकार कर दिया। जिससे आरोपी भड़क गया और उनकी पुत्री के साथ अभद्रता करते हुए छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ हाथापाई करते हुए टैंपो में खींचकर अपहरण की कोशिश भी की। साथ ही आरोपी ने पीड़िता को धमकी दी कि वह उसका बुरा हाल कर देगा।
इस दौरान उसने पूर्व में नगर क्षेत्र में एक छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म के बाद हत्या करने की बात कहते हुए पीड़िता का भी ऐसा ही अंजाम करने की धमकी दी। छात्रा के शोर मचाने पर लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। धुनाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। तहरीर के आधार पर नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक अरसद निवासी मोहल्ला मुगलपुरा मचकौली थाना कोतवाली नगर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साथ ही आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। - अनुकृति शर्मा, एएसपी