जैसे-जैसे गर्मी अपने तेवर दिखा रही है, वैसे-वैसे बिजली आपूर्ति खस्ता होती जा रही है। तीन दिन में दूसरी बार केबल बक्सा फटने से नगर के 10 हजार से ज्यादा घर-दुकानों की बिजली गुल हो गई। लगातार छह घंटे तक आपूर्ति पूरी तरह ठप रही।
नगर के भूड़ बिजलीघर पर तीन दिन में दूसरी बार शनिवार को भी केबल बक्सा फट गया। केबल बक्सा फटने से भूड़ बिजलीघर, अंसारी रोड बिजलीघर, यमुनापुरम बिजलीघर और हाइडिल कॉलोनी बिजलीघर का कुछ क्षेत्र प्रभावित रहा।
इसके कारण करीब 10 हजार से ज्यादा घर-दुकानों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे केबल बक्सा फटने से एक चौथाई शहर की बिजली आपूर्ति छह घंटे तक बाधित रही। गर्मी के बीच बिजली कटौती से लोगों की परेशानी बढ़ गई।
शाम करीब छह बजे आपूर्ति सुचारु की गई। लगातार कटौती से लोगों की परेशानी बढ़ गई। सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों और बुजुर्गों को हुई। लगातार कटौती से इन्वर्टर-बैटरी भी फेल हो गए।
अधीक्षण अभियंता एके चौधरी ने बताया कि केबल बक्सा फटने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित रही। केबल बक्सा ठीक करके आपूर्ति सुचारु कर दी गई है।