बुलंदशहर/औरंगाबाद। थाइलैंड में हुई मिस्टर एंड मिस गैलेक्सी अंतरराष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग एंड फिटनेस चैंपियनशिप में रामगढ़ के मनीष राजपूत और धरारी के मिथुन सोलंकी ने स्वर्ण पदक जीता। स्वर्ण पदक जीतकर लौटे दोनों खिलाड़ियों का गांव आगमन पर परिजन एवं ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़े बजा एवं फूल-माला पहनाकर स्वागत किया।
औरंगाबाद क्षेत्र के गांव रामगढ़ निवासी हर्ष ठाकुर ने बताया कि दिनेश गौर का पुत्र मनीष राजपूत बॉडी बिल्डर है। पिछले दिनों बैंकॉक के थाइलैंड में मिस्टर एंड मिस गैलेक्सी अंतरराष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग एंड फिटनेस चैंपियनशिप आयोजित हुई। इसमें मनीष राजपूत ने बीबीएसए राष्ट्रीय अध्यक्ष वीर बोहित के नेतृत्व में भारत की ओर से प्रतिभाग कर अपने शरीर शौष्ठव का प्रदर्शन दिखाया।
मनीष राजपूत ने विभिन्न वर्ग में प्रतिभाग कर चार स्वर्ण एवं एक सिल्वर पदक जीतकर जिले के साथ प्रदेश और देश का नाम रोशन किया। साथ ही मिस्टर गैलेक्सी बन प्रो कार्ड भी अपने नाम किया। बॉडी बिल्डर मनीष राजपूत ने इसका श्रेय अपने पिता दिनेश गौर, मां भगवती, कोच अनूप कुमार, बड़े भाई हरीश गौर, पत्नी निशु एवं पावर लिफ्टर मिथुन सोलंकी को दिया। कहा कि कोच की मेहनत एवं प्रयास से यहां तक पहुंचा हूं। सभी ने चैंपियनशिप में हौसला बढ़ाए रखा। मनीष राजपूत के गांव आगमन पर ग्रामीणों ने फूल-माला पहनाकर स्वागत किया।
उधर, थाइलैंड में वर्ल्ड अंतरराष्ट्रीय पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप आयोजित हुई। इसमें कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव धरारी निवासी मिथुन सोलंकी ने प्रतिभाग किया। मिथुन सोलंकी ने बताया कि बीबीएसए के राष्ट्रीय चेयरमैन पवन बिड़ला के नेतृत्व में भारत की ओर से प्रतिभाग कर स्वर्ण पदक जीता। पावर लिफ्टर मिथुन सोलंकी ने इसका श्रेय कोच अनूप कुमार, माता-पिता, पत्नी रेखा सोलंकी एवं बॉडी बिल्डर मनीष राजपूत को दिया। मिथुन सोलंकी के गांव आगमन पर ग्रामीणों ने फूल-माला पहनाकर स्वागत किया।