जहांगीराबाद में नाले में गिरकर जान गंवाने वाले तेजेंद्र। फाइल फोटो
जहांगीराबाद। मोहल्ला प्रभु दयाल निवासी एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार शाम शादी समारोह में शामिल होने गए 55 वर्षीय तेजिंदर उर्फ टोनी वर्मा का शव रविवार देर रात नई मंडी के सामने स्थित एक नाले से बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों ने बताया कि तेजिंदर वर्मा शनिवार शाम को एक विवाह समारोह में शामिल होने की बात कहकर घर से निकले थे। जब वह देर रात तक वापस नहीं आए तो परिजनों को चिंता हुई। रविवार को दिनभर सगे-संबंधियों और संभावित स्थानों पर खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। थक-हारकर बेटे रिंकू ने कोतवाली पहुंचकर पिता की गुमशुदगी दर्ज कराई।
देर रात परिजन और परिचित नई मंडी क्षेत्र में तलाश कर रहे थे, तभी नाले के पास तेजिंदर के जूते दिखाई दिए। शक होने पर जब करीब जाकर देखा गया तो नाले के भीतर उनका शव पड़ा था। सूचना मिलते ही कस्बा चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। क्षेत्राधिकारी अनूपशहर विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हादसा प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। अभी परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है।