स्याना। नगर के चांदपुर मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल में कर्मचारी का शव अस्पताल की तीसरी मंजिल पर कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
नगर के चांदपुर मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल का रविवार को शुभारंभ किया गया था। अस्पताल में गांव नरेंद्रपुर निवासी जय कुमार कंपाउंडर के पद पर कार्यरत था। बृहस्पतिवार की सुबह कंपाउंडर जय कुमार का शव अस्पताल की निर्माणाधीन तीसरी मंजिल पर पंखे से लटका मिला। अस्पताल संचालक ने जय के परिजनों को सूचना दी कि उसने आत्महत्या कर ली है। सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंचे तो जय का शव पंखे पर लटका था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर साक्ष्य एकत्रित किए। परिजनों ने आरोप लगाया कि जय की हत्या कर शव को पंखे पर लटकाते हुए आत्महत्या दर्शाया गया है। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा करते हुए कार्रवाई की मांग की। सीओ भास्कर कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है। शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।