फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bulandshahar News: फंदे से लटके मिले प्रेमी युगल के शव, महिला के पति सहित चार पर मुकदमा

विज्ञापन
ककोड़ हंगामा कर रहे मृतक मनीष के परिजनों को समझाती सीओ संवाद
विज्ञापन
ककोड़। ककोड़ थाना क्षेत्र के बीघेपुर गांव के बाग में मंगलवार सुबह प्रेमी युगल के शव फंदे से लटके मिले हैं। दोनों पड़ोस के गांव के रहने वाले थे। शाम को पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव जैसे ही गांव पहुंचा, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। पुलिस के साथ धक्का-मुक्की भी की। देर रात महिला के पति सहित चार के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विज्ञापन


बीघेपुर के ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब सात बजे उन्होंने 25 वर्षीय युवक और 30 वर्षीय महिला का शव आम के बाग में लटका हुआ देखा। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को नीचे उतारकर उनकी शिनाख्त कराई। महिला तीन बेटियों और एक बेटे की मां थी, जबकि युवक अविवाहित था। महिला का पति हरियाणा में ननिहाल में रहकर मजदूरी करता है।

मृतक युवक नोएडा स्थित निजी कंपनी में कार्य करता था। उसके पिता राज मिस्त्री का कार्य करते हैं। दोनों का घर गांव में करीब 400 मीटर की दूरी पर है। पुलिस ने बताया कि शव की तलाशी में युवक की जेब से तीन सौ रुपये, मोबाइल फोन और एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। मृतका के पास से बैग और मोबाइल फोन मिला।
विज्ञापन


सुसाइड नोट में भी लिखा है कि दोनों एक दूसरे से प्रेम करते हैं। महिला का पति प्रेम में बाधा बन रहा है। दोनों को मिलने नहीं देता, इसलिए जान दे रहे हैं।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि करीब 20 दिन पहले ग्रामीणों ने दोनों को एक साथ देखा था। इसके बाद महिला के ससुराल वालों ने हंगामा किया था। उस दौरान युवक किसी तरह मौके से भाग गया था। युवक के पिता ने बताया कि सोमवार सुबह उनका बेटा घर से काम पर जाने की बात कहकर निकला था। शाम को समय से नहीं लौटने पर जब फोन किया तो बताया कि किसी काम से बुलंदशहर आ गया है।

मृतका की आठ वर्षीय बड़ी बेटी ने रोते हुए बताया कि मां सोमवार को पिता से मिलने के लिए कहकर गई थी। कहा था कि मंगलवार को लौट आएगी। मृतका के पति ने बताया कि सोमवार को वह आई थी। कुछ समय साथ रहने के बाद किराये के 150 रुपये लेकर घर के लिए चली आई थी। शाम को घर में जानकारी की तो पता चला कि वह नहीं पहुंची। रातभर उन्होंने रिश्तेदारियों और इधर-उधर उसकी तलाश की, कहीं पता नहीं चला।
सीओ के आश्वासन पर किया अंतिम संस्कार

युवक का शव मंगलवार शाम को गांव में पहुंचते ही परिजन आक्राेशित हो गए। युवक की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। हत्या की रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग करने लगे। इस दौरान उन्होंने पुलिस से भी धक्का-मुक्की की। मौके पर पुलिस और पीएसी के साथ पहुंची सीओ पूर्णिमा सिंह के आश्वासन पर परिजन शांत हुए और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।

किसने लिखा सुसाइड नोट, होगी जांच

पुलिस ने बताया मृतका अनपढ़ बताई जा रही है। मृतक युवक भी कम पढ़ा लिखा बताया जा रहा है। सुसाइड नोट किसने लिखा, इसकी जांच की जा रही है।

युवक के परिजनों की तहरीर पर महिला के पति सहित चार के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम में माैत का कारण हैंगिंग आया है। घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट की जांच कराई जा रही है। - श्लोक कुमार, एसएसपी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें