संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। यूपी बोर्ड की परीक्षा शनिवार को भी जारी रही। दो पालियों में चली परीक्षा में 330 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्वक चली और इस पर जिला स्तर से लेकर लखनऊ तक नजर रखी गई। परीक्षा की ड्यूटी में लगे अधिकारी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। किसी भी परीक्षा केंद्र पर किसी तरह की गड़बड़ी होने की बात सामने नहीं आई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक शिव कुमार ने बताया कि पहली पाली सुबह आठ बजे से शुरू हुई। इसमें हाईस्कूल में चित्रकला व रंजनकला विषय में 43482 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। परीक्षा में 41274 शामिल हुए, जबकि 2208 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा छोड़ दी। इसी तरह शस्य विज्ञान व्यवसायिक आदि विषयों की परीक्षा में 1287 परीक्षार्थी पंजीकृत थे और परीक्षा में 1240 शामिल हुए और 47 अनुपस्थित रहे। इसी तरह दूसरी पाली में दोपहर बाद दो बजे से सवा पांच बजे तक चली इंटर के मनोविज्ञान, शिक्षा शास्त्र और तर्क शास्त्र विषय की परीक्षा में 1598 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जबकि 1523 शामिल हुए और 75 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा जिले में शांतिपूर्वक चल रही है। सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों को पूरी जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। अब सोमवार को सुबह की पाली में हाईस्कूल के विज्ञान विषय की परीक्षा होगी, जबकि दूसरी पाली में इंटर के जीव विज्ञान विषय की परीक्षा होगी।