गुलावठी। नगर के मोहल्ला सुदामापुरी नई बस्ती निवासी व्यापारी मोहित कुमार ने एक व्यक्ति पर 3.26 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में अमित कुमार निवासी सिवाया धौलाना जिला हापुड़ को नामजद किया है। पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर अब मुकदमा दर्ज किया है।
मोहल्ला सुदामापुरी निवासी व्यापारी मोहित कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनकी श्री गणपति ट्रेडिंग कंपनी के नाम से फर्म है। वर्ष 2023 में एके एंटर प्राईजेज फर्म के स्वामी अमित कुमार निवासी सिवाया ने उससे पांच ट्रक रोड़ी ली थी और 50 हजार रुपये उधार लिए थे।
मोहित कुमार के अनुसार उसने अमित कुमार से माल का भुगतान करने के लिए कहा तो आरोपी ने उससे कहा कि वह भुगतान जल्द कर देगा, लेकिन, कई बार फोन पर तकादा करने के बावजूद आरोपी ने उसे भुगतान नहीं किया। साथ ही आरोपी ने पीड़ित का फोन भी उठाना बंद कर दिया है।
पीड़ित ने बताया कि जब वह अमित कुमार के घर गया तो वहां पर कोई नहीं मिला। पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।