बीते साल आईटीआई की परीक्षा में सामूहिक नकल का मामला उजागर होने पर इस बार परीक्षा को लेकर विशेष तैयारी और नियम बनाने के दावे किए गए मगर परीक्षा शुरू होने से पहले खामियां सामने आनी शुरू हो गईं हैं।
ऑनलाइन प्रवेशपत्रों में नकल करवाने वाले शिवचरन इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र दर्शाया जा रहा है। इस गड़बड़ी को लेकर परीक्षा के नोडल अधिकारी शनिवार सीडीओ से मिले तथा अवगत करवाया। इस खामी को दुरुस्त करवाने के प्रयास तेज हो गए हैं।
विगत वर्ष आईटीआई की परीक्षा में नकल उजागर होने का मामला सामने आया था। इसके चलते शिवचरन इंटर कॉलेज आदि को किसी भी परीक्षा को सेंटर नहीं बनाने का निर्णय लिया गया था।
अब आईटीआई की परीक्षा नजदीक हैं और परीक्षार्थी ऑनलाइन अपने प्रवेशपत्र अपलोड कर रहे हैं। मगर 200 से अधिक प्रवेशपत्रों में शिवचरन इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र दर्शाए जाने पर शिक्षक और परीक्षार्थी हैरान हैं।
इसी तरह एक अन्य कॉलेज रामचंद्र इंटर कॉलेज के नाम से भी प्रवेशपत्र जारी हो रहे हैं जबकि परीक्षा केंद्र की बनाई गई लिस्ट में इन शिक्षण संस्थानों का नाम नहीं है।
समस्या को लेकर आईटीआई परीक्षा के नोडल अधिकारी केडी मिश्रा मंगलवार को सीडीओ से मिले और अवगत करवाया।
सीडीओ चुनकू राम पटेल ने आईटीआई बोर्ड को पत्र जारी कर आ रही खामी को दूर करने के आदेश दिए हैं। परीक्षा के नोडल अधिकारी केडी मिश्रा ने बताया कि वह पत्र जारी कर आईटीआई बोर्ड को भेजकर आ रही खामी को दूर करवाने की मांग करेंगे।