ब्लैक फंगस का एक और मिला संभावित मरीज
बुलंदशहर। कुछ दिन राहत के बाद जिला अस्पताल में फिर से ब्लैक फंगस के संभावित मरीजों का आना शुरू हो गया है। जिला अस्पताल की ओपीडी में जांच कराने के दौरान ब्लैक फंगस के लक्षण मिलने पर मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जनपद में अब तक आठ लोगों में ब्लैक फंगस की पुष्टि हो चुकी है। इसमें तीन की मौत तो दो स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, इससे पूर्व छह लोग संभावित लक्षण के आ चुके हैं।
जिला अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, बृहस्पतिवार को जसनावलीं कलां निवासी 36 वर्षीय एक व्यक्ति चेहरे पर सूजन के साथ आंख में सूजन और पानी आने की समस्या होने पर जांच कराने आया। युवक के परिजनों के अनुसार कई दिन से स्वास्थ्य में सुधार नहीं हो पा रहा था। स्वास्थ्य बिगड़ने पर जिला अस्पताल लेकर आए। इस दौरान अस्पताल के ईएनटी डॉ. अरुण ने युवक में ब्लैक फंगस के संभावित लक्षण होने की बात कही और अस्पताल प्रशासन को सूचित किया। इसके बाद सीएमएस द्वारा गठित तीन सदस्यीय टीम द्वारा जांच में ब्लैक फंगस के लक्षण होने पर मेरठ रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. राजीव प्रसाद ने बताया कि जांच के दौरान युवक में ब्लैक फंगस के संभावित लक्षण मिलने पर मेरठ रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में जितने भी संभावित मरीज आ रहे हैं, उन्हें हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया जाता है। जिला अस्पताल से अब तक आठ संभावित मरीजों को रेफर किया जा चुका है। इसमें से दो में पुष्टि हो चुकी है।