कलक्ट्रेट में शुक्रवार को डीएम कार्यालय का गेट तोड़ते भाकियू कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
गन्ने का बकाया भुगतान न होने से नाराज किसानों ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट में जमकर हंगामा किया। भाकियू के बैनर तले किसान कलक्ट्रेट के भीतर का गेट तोड़कर डीएम दफ्तर के सामने धरने पर बैठ गए। मान मनौव्वल करने आए अफसरों को किसानों ने आड़े हाथों लिया। डीएम के आश्वासन पर किसान शांत हुए।
मलका पार्क में एकत्रित हुए किसान दोपहर एक बजे रैली के रूप मे कलक्ट्रेट पहुंचे। वहां डीएम दफ्तर पहुंचने का प्रयास कर रहे किसानों की अफसरों से झड़प हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि गुस्साए किसानों ने डीएम दफ्तर की ओर जाने वाला गेट तोड़ दिया और डीएम दफ्तर के सामने धरने पर बैठ गए।
सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट डीपी सिंह, एडीएम प्रशासन अरविंद कुमार मिश्र समेत तमाम पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। किसानों ने अफसरों की एक नहीं सुनी। डीएम से वार्ता के बाद किसान शांत हुए। धरना प्रदर्शन करने वालों में मांगे राम त्यागी, जिलाध्यक्ष कैप्टन बिशन सिंह, सचिन, कृपाल सिंह, सुरेंद्र आदि रहे।
मिलों को बंद हुए तीन माह बीत चुके हैं, अब तक किसानों का 66 करोड़ रुपये नहीं चुकाया गया है। पेमेंट नहीं मिलने से किसान आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं।
- मांगे राम त्यागी, प्रदेश सचिव, भाकियू