बुलंदशहर। सदर विधायक प्रदीप चौधरी ने बुलंदशहर खुर्जा विकास प्राधिकरण (बीकेडीए) की सचिव ज्योत्सना यादव पर एक शिकायत के मामले में उनका फोन ना उठाने का आरोप लगाते हुए विधानसभा अध्यक्ष से शिकायत की है।
विधायक ने बताया कि करीब एक माह पूर्व एक फरियादी की शिकायत पर बीकेडीए सचिव को फोन किया था लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। इसके बाद उन्होंने कई बार प्रयास किए लेकिन सचिव की तरफ से कोई जवाब या कॉल बैक नहीं आया। सदर विधायक ने सचिव पर गैर-जिम्मेदाराना आचरण का आरोप लगाते हुए विधानसभा अध्यक्ष से शिकायत की है।
उन्होंने कहा कि अधिकारी जनप्रतिनिधियों को नजरअंदाज कर रहे हैं, जिससे विकास कार्यों और जनता से जुड़े जरूरी मामलों में देरी हो रही है। विधायक ने अध्यक्ष से इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने और संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बीकेडीए सचिव ने बताया कि अवकाश का दिन था। रात में कॉल आई थी। इस कारण से कॉल रिसीव नहीं हो पाई।