खुर्जा। क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृति हुए निर्माण कार्य को लेकर बुलंदशहर खुर्जा विकास प्राधिकरण की ओर से मंगलवार को कार्रवाई की गई। अलग-अलग स्थानों पर बने चार भवनों को सील किया। प्राधिकरण की कार्रवाई के बाद से अन्य लोग सतर्क हो गए। वहीं कुछ स्थानों पर लोग निर्माण कार्य छोड़कर चले गए।
बीकेडीए उपाध्यक्ष डॉ. अंकुर लाठर ने बताया कि जिले में बिना मानचित्र स्वीकृति के भवनों का निर्माण और भूखंड की बिक्री अवैध की गई है। इसको लेकर प्राधिकरण की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही हैं। साथ ही सामान्य लोगों को इसके लिए जागरूक भी किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को खुर्जा प्रवर्तन दल की ओर से अलग-अलग जगह निरीक्षण किया गया।
झाझर जाने वाले रास्ते पर मुकेश रावत की ओर से 110 वर्ग मीटर में किए गए निर्माण, कोतवाली मार्ग पर शासन की ओर से 100 वर्ग मीटर पर किए गए निर्माण कार्य, खुर्जा बस अड्डा के पास जगदीश की ओर से 300 वर्ग मीटर और जंक्शन मार्ग पर विजय सोलंकी की ओर से 350 वर्ग मीटर जगह पर हुए निर्माण को सील किया गया। उपाध्यक्ष डॉ. अंकुर लाठर लोगों से अपील की कि किसी भी अवैध कॉलोनी में भूखंड को न खरीदें। साथ ही बिना मानचित्र स्वीकृति के कोई भी निर्माण और विकास कार्य नहीं कराएं।