जिला पंचायत अध्यक्ष को कुर्सी से हटाने के बाद अब इसके लिए चेहरे की तलाश शुरू हो गई है। पार्टी जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर युवा और बेदाग चेहरे पर दांव खेलेगी। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए दो युवा सदस्यों के नाम सबसे आगे चल रहे हैं, जिसमें एक महिला सदस्य भी है।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद की लड़ाई जीतने के बाद भाजपा में अब इस पद को लेकर नेता की तलाश शुरू हो गई। जिला पंचायत अध्यक्ष को हटाने में अहम भूमिका निभाने वाले दो सांसदों और पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी की रिपोर्ट पर ही हाईकमान निर्णय लेगा।
पार्टी के एक बड़े नेता ने बताया कि फिलहाल जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए दो युवा चेहरों के नाम सबसे आगे चल रहे हैं। दोनों युवा लंबे समय से संघ से भी जुड़े हुए हैं, जिसमें एक महिला सदस्य भी शामिल है। इन दोनों युवा चेहरों पर ही पार्टी दांव लगा सकती है।
महिला सदस्य के लिए पार्टी नेता एकमत नहीं हैं, लेकिन दूसरे युवा नेता पर पार्टी नेताओं की एक राय बनती नजर आ रही है। हालांकि पूरे घटनाक्रम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पार्टी के एक सांसद की नजर तीसरे चेहरे पर टिकी हुई है। यह सदस्य एक विधायक का भी करीबी है। जिला पंचायत अध्यक्ष को लेकर जिलाध्यक्ष अपनी रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को भेजेंगे, जिस पर अंतिम मोहर लगेगी।