शराब के नशे में भाजपा नेता ने पुलिसकर्मियों से की हाथापाई
खुर्जा। नगर स्थित सिद्धेश्वर मंदिर में सोमवार रात को शराब के नशे में धुत भाजपा नेता ने पुलिसकर्मियों से हाथापाई कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में भाजपा नेता नशे में धुत होकर पुलिसकर्मियों से गालीगलौज और मारपीट करता दिख रहा है।
खुर्जा के सिद्धेश्वर मंदिर में सोमवार रात से ही शिवरात्रि को लेकर तैयारी चल रही थी। मंदिर में सजावट करने के दौरान मौके पर सुरक्षा के लिए पुलिस फोर्स तैनात की गई थी। इस दौरान भाजपा नेता अपने समर्थकों के साथ मंदिर में व्यवस्था देखने आए थे। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने जब नेता से पूछताछ की तो भाजपा नेता ने उनसे अभद्रता कर दी। बताया जा रहा है कि भाजपा नेता शराब के नशे में धुत था और पुलिसकर्मियों से जमकर गालीगलौज की थी। मौके पर मौजूद लोगों ने भाजपा नेता का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी दो व्यक्तियों को लेकर जाते दिखाई देते हैं। जिसके बाद एक व्यक्ति की आवाज आती है, जिसमें वह फोन लेने की बात कहता है। इसी बीच पुलिसकर्मियों और दोनों व्यक्तियों के बीच धक्का-मुक्की होने लगती है। वहीं एक पुलिसकर्मी कहता है कि इतनी दादागीरी ठीक नहीं, जो दारू पीकर सिपाही पर हाथ उठाएगा।
मंदिर पर पुलिस फोर्स तैनात की गई थी। मारपीट और झगड़ा होने की जानकारी मिली है। इसके वीडियो की जांच की जा रही है। - दिलीप कुमार, सीओ