अहमदगढ़। परीक्षा देकर साथी के साथ गांव लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक की मौत से उनके परिवार में मातम छा गया।
थाना जहांगीराबाद क्षेत्र के गांव रोसला निवासी मौजी सिंह ने बताया कि बेटा जीत कश्यप (28) थाना नरसेना क्षेत्र के गांव नरेंद्रपुर निवासी अपने साथी इंद्रजीत (27) के साथ 14 मई को बाइक से प्रयागराज में एलटी ग्रेड मेंस की मुख्य परीक्षा देने गए थे।
सोमवार को दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। थाना अहमदगढ़ क्षेत्र में दौलतपुर खुर्द-जहांगीराबाद मार्ग पर गांव खुसरूपुर के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने उपचार के लिए सीएचसी डिबाई पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने जीत को मृत घोषित कर दिया। वहीं, इंद्रजीत की हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पिता ने बताया गया कि जीत कस्बा अमरगढ़ में कोचिंग सेंटर चलाते थे और एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षक भी थे। उनकी दो साल पहले शादी हुई थी। उनके पांच महीने का बेटा हेमंत है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।