औरंगाबाद। थाना क्षेत्र के गांव मूढ़ी बकापुर मोड़ के पास अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। गांव मूढ़ी बकापुर निवासी नानक लोधी की पुत्री का शनिवार को ऊंचागांव क्षेत्र के गांव गजरौला में छोछक गया था। जिसमें गांव के ही विपिन और जितेश भी बाइक से गए हुए थे।
वहां से लौटते समय शाम करीब सात बजे बुलंदशहर-गढ़मुक्तेश्वर हाईवे स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन के पास गांव के मोड़ पर स्याना की ओर से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार विपिन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि, उसका साथी जितेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर लखावटी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सीएचसी लखावटी पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। थाना प्रभारी का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। फिलहाल अभी तहरीर नहीं आई है। सीसीटीवी फुटेज से वाहन का पता लगाया जा रहा है।