शिकारपुर। ब्लॉक की ग्राम पंचायत भटौला के निवर्तमान प्रधान एवं प्रशासक देवमणि शर्मा पर ग्राम निधि के 20.77 लाख रुपये से अधिक के दुरुपयोग का आरोप लगा है। जांच रिपोर्ट में प्रधान और पंचायत सचिव को प्रथमदृष्टया जिम्मेदार माना गया है। डीएम ने कारण बताओ नोटिस जारी कर 15 दिन में जवाब मांगा है। जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर प्रशासक पद से हटाने की कार्रवाई की जा सकती है।
जिला पंचायत राज अधिकारी नवीन कुमार मिश्रा ने बताया कि गांव निवासी राकेश कुमार और मुकेश कुमार आर्य की शिकायत पर जांच कराई गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, श्मशान घाट पर टीन शेड और इंटरलॉकिंग के नाम पर 10.92 लाख रुपये से अधिक का भुगतान किया गया जबकि एक ही कार्य के लिए दो फर्मों को भुगतान और अभिलेख नहीं मिलने की अनियमितता सामने आई।
सफाई के नाम पर 92,830 रुपये निकाले गए। इसमें प्रधान के रिश्तेदारों के नाम भुगतान भी शामिल हैं। गांव में लाइट लगाने के नाम पर 4.11 लाख रुपये से अधिक खर्च दिखाया गया लेकिन मौके पर कुछ ही लाइटें मिलीं और खरीद के बिल उपलब्ध नहीं कराए गए। हैंडपंप मरम्मत पर 2.01 लाख रुपये से अधिक के खर्च, क्षतिग्रस्त इंटरलॉकिंग और पंचायत घर निर्माण के नाम पर 2.72 लाख रुपये से अधिक के भुगतान पर भी सवाल उठे। जांच अधिकारी ने ध्रुव कंस्ट्रक्शन को बिजली संबंधी मद में किए गए 8,024 रुपये के भुगतान की वसूली की संस्तुति भी की है। आरोपों पर अंतिम निर्णय जवाब और आगे की कार्रवाई के बाद होगा।