बुलंदशहर। नगरवासियों के लिए एक अच्छी खबर है। बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण भूड़ चौराहे से हाईवे तिराहे तक सौंदर्यीकरण का कार्य कराएगा। यहां पर करीब पांच करोड़ की लागत से पार्किंग, फुटपाथ, वेंडिंग जोन, झूले व शौचालय आदि का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही प्रकाश की पूर्ण व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए प्राधिकरण ने प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया है।
नगर के भूड़ चौराहे पर अक्सर लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। कभी-कभी यहां पर लोगों को जाम में काफी समय लग जाता है। शहर से दिल्ली के लिए मुख्य मार्ग होने पर लोगों की समस्या देख लोक निर्माण विभाग सड़क का चौड़ीकरण करवा रहा है। चौड़ीकरण के बाद लोगों की सुविधा के लिए बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण ने सौंदर्यीकरण कराने की योजना बनाई है। प्राधिकरण के अधीक्षण अभियंता आनंद कुमार मिश्रा ने बताया कि भूड़ चौराहे से नेशनल हाईवें लिंग रोड तक मार्ग पर करीब पांच करोड़ की लागत से सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जाएगा। डिवाइडर पर प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी।
साथ ही पार्किंग, बस स्टॉप, वेडिंग जोन, झूले व शौचालय आदि का निर्माण कराया जाएगा। बस स्टॉप चौराहे से पूर्व बनाया जाएगा। जिससे यात्री आसानी से बस में बैठ या उतर सके। जाम की भी समस्या नहीं बनेगी। वेंडिग जोन में रेहड़ी लगने पर यात्री हाईवे से अलग खड़े होकर खाने-पीने का सामान ले सकेंगे। इससे हादसे भी नहीं होंगे। वेंडिग जोन में बच्चों के लिए झूले लगने से उनका मनोरंजन हो सकेगा। मार्ग पर शौचालय न होने से लोगों को परेशानी होती है इसके लिए महिला व पुरुष दोनों के लिए अलग-अलग शौचालय बनाएं जाएंगे। साथ ही पार्किंग की भी पूरी सुविधा मिलेगी। पैदल चलने वाले लोगों के लिए फुटपाथ का निर्माण कराया जाएगा।
प्रतिदिन मार्ग से गुजरते हैं 50 हजार से अधिक वाहन
भूड़ चौराहे से प्रतिदिन 50 हजार से अधिक वाहन नोएडा, दिल्ली, गाजियाबाद, सिकंदराबाद सहित कई अन्य क्षेत्रों के लिए गुजरते हैं। जबकि अन्य क्षेत्रों से इसी मार्ग से शहर में प्रवेश व हापुड़, खुर्जा-अलीगढ़ व बदायूं के लिए उपयोग करते है। इस मार्ग का लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क चौड़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इससे पूर्व रोड की चौड़ाई कम होने और भारी वाहनों की संख्या अधिक होने से सबसे अधिक परेशानी हल्के वाहन चालकों को होती थी।
भूड़ चौराहे से नेशनल हाईवे कट तक के मार्ग का सौंदर्यीकरण कराने के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है। इसमें पार्किंग, फुटपाथ, शौचालय, बस स्टॉप, वेंडिग जोन, प्रकाश आदि पर करीब पांच करोड़ खर्च किए जाएंगे। सुविधाएं मिलने से लोगों को जाम से भी राहत मिलेगी। - डॉ. अंकुर लाठर, उपाध्यक्ष बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण