यूपी बोर्ड की परीक्षा 18 फरवरी और सीबीएसई की परीक्षा मंगलवार से शुरू हो रही है। एनआरईसी कॉलेज खुर्जा में मनोविज्ञान के प्रोफेसर डाॅ. भूपेंद्र सिंह का कहना है कि परीक्षार्थी किसी भी तरह का तनाव हावी न होने दें। जब पाठ्यक्रम टुकड़ों में पढ़ा जाएगा तो निश्चित ही वह भार नहीं लगेगा। इसके साथ ही पढ़ते समय अपने लिए प्रतिदिन छोटे-छोटे लक्ष्य तय कर करें विषयवस्तु को दोहराएं। यह न सोचें कि अभी बहुत कुछ पढ़ना बचा रह गया है। सोचने के तरीके को बदलें और स्वयं को बताएं कि आप कुल पाठ का बड़ा हिस्सा तैयार कर लिया है। जैसे दस अध्याय में से छह तैयार हैं। अब मात्र चार को दोहराना है।
कहा कि कठिन विषय को अधिक समय दें उसे पहले पढ़ें। खुद के लिए निर्धारित लक्ष्य पूरा होने पर स्वयं को पुरस्कृत करें। स्वयं से सकारात्मक संवाद स्थापित करें। रटने की जगह समझ कर प्रश्नों को याद करें। बहुत परेशान होने पर आप के समझने और याद करने की क्षमता कम हो जाएगी, इसलिए खुद को मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रखें।
पढ़ाई के बीच विराम अवश्य लें। हल्का खाना लें और देर रात तक पढ़ने से बचें। पेपर वाले दिन सुबह को उन्हीं को दोहराए जिसकी जरूरत हो। अपनी तैयारी की तुलना किसी अन्य साथी से बिलकुल न करें। परीक्षा से संबंधित भय चिंता होने पर माता पिता व शिक्षकों से बात करें। अपने दोस्तों से भी संवाद कर सकते हैं।