बीडीसी का अपहरण, प्रधान चुनाव हारे प्रत्याशी पर आरोप
बीबीनगर। थाना क्षेत्र के गांव बहापुर से शनिवार शाम प्रधान चुनाव हारे प्रत्याशी ने अपने साथियों के साथ मिलकर बीडीसी का अपहरण कर लिया। आरोपी उसे कार में अपने साथ बैठाकर ले गए। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर सात नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। हालांकि, 24 घंटे बाद भी पुलिस कोई सुराग नहीं ढूंढ सकी है।
बहापुर निवासी अशोक पुत्र महावीर सिंह ने थाने पर तहरीर दी, जिसमें उसने आरोप लगाया कि उनका भतीजा मोहित उर्फ खजूर (27) पुत्र राजेंद्र सिंह है, जो कि वर्तमान में बीडीसी है। शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे वह दुकान से कुछ सामान खरीदने के लिए गया था, जहां से वह वापस लौट रहा था, उसी दौरान गांव निवासी सौरभ पुत्र देवेंद्र व उसके साथी निरंजन उर्फ पप्पू, गोविंद उर्फ गुल्लू व एक अन्य अज्ञात ने मोहित को कलेसर के निकट रोक लिया। साथ ही आरोपियों ने फायरिंग करते हुए मोहित को सफेद रंग की अपनी स्विफ्ट कार में हत्या के इरादे से डाल लिया। इसके बाद आरोपी उसे कार से अपने साथ ले गए। परिजनों ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की, लेकिन मोहित का कहीं कोई सुराग नहीं लग सका है। वहीं, दूसरी ओर परिजनों ने मामले में आरोपी सौरभ की मां मुकेश चौधरी पत्नी देवेंद्र, सौरभ की पत्नी गुड़िया जीत सिंह जो कि सौरभ का साला है और देेवेंद्र के भी वारदात में शामिल होने का आरोप लगाया है। आरोप है कि सौरभ गुंडा प्रवृत्ति का व्यक्ति है। साथ ही बीते दिनों हुए प्रधानी चुनाव में वह हार गया था। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
चार टीमें जुटीं, लेकिन 24 घंटे बाद भी सफलता शून्य
बीडीसी की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमों का तत्काल गठन कर लगा दिया गया है। लेकिन, अभी तक पुलिस को कोई खास सफलता हाथ नहीं लगी है। हालांकि, पुलिस जल्द ही उसकी बरामदगी का दावा कर रही है।
मामले में तहरीर के आधार पर सात नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। जल्द ही बीडीसी को बरामद कर आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कुछ संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है।
- सुरेंद्र नाथ तिवारी, एसपी सिटी