चुनाव टलने से दावेदारों की बढ़ी धड़कन
बुलंदशहर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुखों का चुनाव टलने से दावेदारों की धड़कन बढ़ गई है। दरअसल, कोरोना संक्रमण के चलते शासन ने जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख पदों पर चुनाव को 17 जून तक स्थगित कर दिया है। इस बीच निर्दलीयाें को अपने खेमे में लाने के लिए जुटे दिग्गजों को समय मिल गया है।
जनपद में इस बार जिला पंचायत सदस्य की 52 और क्षेत्र पंचायत सदस्य की 12,147 सीटों पर चुनाव हुआ। चुनाव परिणाम आने के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष और जनपद के 16 ब्लॉकों पर बनने वाले ब्लॉक प्रमुख बनाने का जोड़तोड़ शुरू हो गया। इन दोनों पदों के चुनाव को लेकर जनपद में शासन से तिथि न मिलने के बावजूद भी तैयारियां तेज हो गई और जीतने वाले प्रत्याशियों से भी संपर्क तेज कर दिया गया। वहीं, दूसरी ओर जल्द ही शासन का आदेश मिलने की संभावना जताते हुए जिला प्रशासन की ओर से भी तैयारी शुरू हो गई थी। लेकिन अब कोरोना संक्रमण के चलते शासन ने जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख पदों पर चुनाव को 17 जून तक स्थगित कर दिया गया है। ऐसे में चुनाव टलने से दावेदारों की धड़कन बढ़ गई है। चर्चा है कि चुनाव स्थगित होने पर दोनों पदों के दावेदार लगातर जिला पंचायत सदस्यों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। इस बीच दावेदारों की निर्दलीयों पर नजर है और वह उनसे लगातार संपर्क बनाते हुए अपने खेमे में शामिल होने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर एडीएम प्रशासन रवींद्र कुमार ने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख पदों पर होने वाले चुनाव पर शासन ने कोरोना संक्रमण को देखते हुए 17 जून तक रोक लगा दी है। इसके बाद शासन का आदेश मिलने पर ही आगामी कार्यवाही की जाएगी।