गांव ततारपुर में डेयरी पर जांच करते खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी। स्रोत -- विभाग
बुलंदशहर। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नकली दूध बनाने की सूचना पर गांव जसनावली स्थित डेयरी पर कार्रवाई की। टीम को मौके से ऑक्सीटोसिन की 24 शीशी बरामद हुईं। टीम ने औषधि निरीक्षक को मौके पर बुलाया। आरोपी डेयरी की आड़ में अवैध रूप से ऑक्सीटोसिन की भी बिक्री कर रहा था। जबकि इसके लिए उसके पास न तो लाइसेंस है और न ही ऑक्सीटोसिन पर किसी कंपनी का लेबल लगा हुआ था।
खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त विनीत कुमार ने बताया कि गांव जसनावली स्थित डेयरी पर नकली दूध बनाने की सूचना मिली थी। सूचना पर बुधवार को टीम भेजकर जांच कराई गई तो मौके पर दो केन में करीब 50 लीटर दूध बरामद हुआ। डेयरी की तलाशी के दौरान दूध की एक केन में ऑक्सीटोसिन की 24 शीशी (सौ-सौ एमएल) बरामद हुईं।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि भैंस को लगाने के लिए वह गांव के किसानों को ऑक्सीटोसिन बेचता है। इसके लिए आरोपी के पास कोई लाइसेंस नहीं पाया गया। औषधि निरीक्षक ने मौके से ऑक्सीटॉक्सिन का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा। खाद्य सुरक्षा विभाग ने दूध का नमूना जांच के लिए भेजा है। सहायक आयुक्त विनीत कुमार ने बताया कि नमूने की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।