बुलंदशहर। बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल से पहले ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है। भारतीय रिजर्व बैंक ने रविवार, 27 सितंबर का अवकाश निरस्त कर सभी बैंक शाखाएं खोलने की मंजूरी दी है। यह पहली बार होगा जब रविवार को जिले 309 बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज होगा।
जिला अग्रणी प्रबंधक धीरज कुमार झा ने बताया कि 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार है। इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने हड़ताल का आह्वान किया है। लगातार पांच दिन बैंक बंद रहने से सेवाएं प्रभावित होने की आशंका थी।
आरबीआई ने ग्राहकों को हड़ताल से पहले जरूरी बैंकिंग काम निपटाने का अतिरिक्त मौका दिया है। बैंक ग्राहकों को एसएमएस और ईमेल भेजकर डिजिटल बैंकिंग, यूपीआई और एटीएम का इस्तेमाल करने की सलाह दे रहे हैं।