संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। त्योहार के अवकाश के बाद बुधवार को जब बैंक खुले तो लोगों ने बीते दिनों से अटके पड़े लेनदेन का कार्य निपटाया। आलम यह रहा कि बैंकों में अंदर लोग जल्दी अपने कार्य को करवाने में जुटे रहे। घंटों इंतजार के बाद लेनदेन करने पर लोगों को राहत मिली। देर शाम तक जिलेभर के बैंकों में करीब 250 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ।
शारदीय नवरात्र पर बैंकों का अवकाश 22 अक्तूबर को रविवार से शुरू हो गया। 23 अक्तूबर को नवमीं और 24 अक्तूबर को दशहरा त्योहार के चलते बैंकों का अवकाश रहा। लगातार तीन दिन बैंक बंदी के चलते जिले के अधिकांश एटीएम नकदी से खाली हो गए थे तो कुछ एटीएम बैंक बंद होने के साथ बंद रहे। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। इसी कारण बुधवार को जब बैंक खुले तो लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। बैंक खुलने पर ग्राहकों ने लेनदेन करने के लिए काफी इंतजार किया। जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक अभिषेक गुप्ता ने बताया कि त्योहार पर अवकाश होने के कारण काफी लोगों का लेनदेन रुका हुआ था, हालांकि कुछ लोगों ने अवकाश से पहले ही लेनदेन संबंधी कार्य कर लिए थे। जो नहीं करवा सके वह बैंक खुलने पर बुधवार को बैंकों में पहुंचे और रुके हुए कार्य को पूरा करवाया। जिस कारण बैंकों में भीड़ रही। जिले के सभी बैंकों में करीब 250 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ है। साथ ही खाली चल रहे एटीएम में भी धनराशि रखवा दी गई है।