गाजियाबाद। मसूरी थाना क्षेत्र के डासना में रहने वाले व्यापारी ने आंध्र प्रदेश से केले मंगाकर किसानों को भुगतान नहीं किया। आरोप है कि कारोबारी ने आंध्र प्रदेश के केला किसान के 63 लाख रुपये हड़प लिए। भुगतान मांगने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देता है। पीड़ित किसान ने वेव सिटी थाने में केला कारोबारी हामिद चौधरी उसकी पत्नी, कामिल और टीटू के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि आंध्र प्रदेश के जनपद अनंतपुर के रहने वाले नारायण रेड्डी के मुताबिक वह किसानों से केले लेकर दूसरे राज्य में बेचते हैं। केले का व्यापार करने के लिए डासना निवासी हामिद से बात हुई। हामिद के साथ उसका भाई कामिल, हामिद की पत्नी और बेटा टीटू मिलकर केले का व्यापार करते हैं। पहले केलों की रकम तुरंत दे देते थे। फरवरी 2026 के बाद उधार में केले मंगवाएं। जब रकम मांगी गई तो पैसे देने का फर्जी मैसेज भेज दिया। आरोप है कि आरोपियों ने पीड़ित के 63 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर पैसों का गबन कर लिया। रकम मांगने पर पीड़ित के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। आरोप है कि यह लोग गैंग बनाकर लोगों के करोड़ों रुपये गबन कर चुके हैं। एसीपी ने बताया कि पूर्व में भी अंजी नाम के केला व्यापारी से आरोपी 60 लाख रुपये हड़प चुका है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
......