अगौता थाना क्षेत्र के गांव शाहनगर पुलिया के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे की बट मारकर सेल्समैन को घायल कर दिया और 39 हजार रुपये से भरा बैग लूटकर ले गये। पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
गांव अगौता के अंग्रेजी शराब के ठेके पर सिभांवली के गांव रझैड़ा निवासी ज्ञानेंद्र बतौर सेल्समैन कार्यरत है। मंगलवार को ज्ञानेंद्र बाइक से देशी शराब के सेल्समैन प्रमोद के साथ पैसे जमा करने के लिए बुलंदशहर जा रहा था।
बुलंदशहर-अगौता-सैदपुर मार्ग स्थित शाहनगर की पुलिया के पास पीछे की ओर से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने ज्ञानेंद्र के सिर में तमंचे की बटों से प्रहार कर दिया।
इसके बाद बदमाश करीब 39 हजार रुपयों से भरा बैग लेकर भाग गए। प्रमोद की सूचना पर आबकारी अधिकारी और उनकी सूचना पर अगौता पुलिस पहुंची। पीड़ित ज्ञानेंद्र ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इंजीनियर के घर बदमाशों का धावा
ग्राम बराल में मंगलवार तड़के तीन-चार बदमाशों ने एक नेटवर्क इंजीनियर के घर पर धावा बोल दिया। आहट पर जागे परिजनों ने शोर मचाया तो वे फायरिंग करते हुए भागे।
जाते-जाते वे इंजीनियर के दो मोबाइल ले गए। पंजाब नेशनल बैंक की बुलंदशहर भूड़ शाखा में एचसीएल कंपनी की ओर से सरवर व कंप्यूटर नेटवर्क का काम करने वाले इंजीनियर अंकित कुमार पुत्र वीरेंद्र सिंह तोमर के गांव बराल स्थित घर पर मंगलवार तड़के तीन बदमाश छत के रास्ते से घुसे।
आहट पर शोर मचाने पर जाग हुई तो वे फायरिंग करते हुए भागे। जाते-जाते बदमाश अंकित के दो मोबाइल ले गए। उनकी फायरिंग से अंकित की आंख बाल-बाल बची क्योंकि छर्रे उसके चेहरे को छूते हुए निकल गए।
ग्रामीणों के अनुसार वारदात से पहले बदमाशों ने जितेंद्र सिंह और राजीव शर्मा के घर पर भी धावा बोला। वहां भी जाग होने के कारण वे असफल रहे। बराल चौकी इंचार्ज का कहना है कि चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।