बम-बम भोले की आवाज लगाते हुए कावंडियों के पैरों को कष्ट झेलना होगा। कांवड़ रूट की सड़कें जर्जर होने के कारण शिवभक्तों को काफी परेशानी होगी। हालांकि शिवभक्तों को परेशानी से बचाने के लिए प्रशासन लगा हुआ है। अहार क्षेत्र के महादेव मंदिर पर लगने वाले फाल्गुनी मेला में भगवान आशुतोष के जलाभिषेक के लिए कांवड़ियों का क्षेत्र में आगमन शुरू हो गया है।
मार्ग की जर्जर हालत उनके लिए मुसीबत बन रही है। जहांगीराबाद-जटवाई, जहांगीराबाद-दौलतपुर मार्ग की जर्जर हालत प्रशासनिक इंतजामों को मुंह चिढ़ा रही है। बुलंदशहर की सीमा से जहांगीराबाद की सीमा में घुसने से लगभग तीन किमी पहले से ही गहरे गड्ढे और नुकीले पत्थर श्रद्धालुओं की राह में शूल बन रहे हैं। शनिवार से कांवड़ियों का इस मार्ग से आगमन शुरू हो गया।
महादेव मंदिर पर फाल्गुनी मेला 21 से 24 फरवरी तक चलेगा। इसके लिए मंदिर कमेटी व प्रशासन जोरशोर से लगा हुआ है, लेकिन अभी तक मार्ग को दुरुस्त कराने का कोई इंतजाम नहीं है। लोगों ने मार्ग के गड्ढे भरवाने की मांग की है।
इसके अलावा अनूपशहर गंगातट पर 21 फरवरी से शुरू हो रहे कांवड़ मेला में आने वाले शिवभक्तो को अनूपशहर बुलंदशहर व अहार रोड गंगापुल मार्ग पर जर्जर सड़क के चलते दिक्कत होगी। अनूपशहर बाईपास, बुलंदशहर बस स्टैंड से करनपुर, करनपुर बिजलीघर के सामने, दुगरऊ, दुगरऊ पैट्रोल पंप के पास, अनीवास, सुनाई, तौली,जटवाई आदि जगहों पर सड़क टूटी हुई है। अनूपशहर-अहार रोड व गंगापुल मार्ग की सड़क भी खस्ताहाल है।