अनूपशहर में एक भवन में चलती आयुर्वेद की ओपीडी। संवाद
अनूपशहर। कस्बे के मोहल्ला नागरशैली स्थित 90 वर्ष पुराने गंगा देवी राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय की जर्जर दीवार गिरने के बाद बुधवार को क्षेत्रीय अधिकारी जांच के लिए पहुंचे। चिकित्सालय की ओपीडी अस्थायी रूप से पड़ोस के मकान में शिफ्ट की गई।
बुधवार को चिकित्सालय की ओपीडी पास स्थित गणेश मंदिर के एक कमरे में शुरू की गई। जहां करीब 78 मरीज पहुंचे। वहीं, बुधवार को क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अलख प्रकाश जांच को पहुंचे। कहा कि वर्ष 1990 में यह भवन दान में मिला था।
भवन की रजिस्ट्री अस्पताल के नाम न होने के कारण समस्या आ रही है। इसी वजह से शासन स्तर से निर्माण कार्य के लिए बजट नहीं मिल पा रहा।
राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय में मंगलवार सुबह चिकित्सा अधिकारी डॉ. नेहा शर्मा और स्टाफ नर्स मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रहे थे। अचानक जर्जर दीवार भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि दीवार गिरते ही स्वास्थ्य कर्मियों और मरीज बाहर निकल गए। जिससे हादसा होने से बच गया। घटना के बाद तहसीलदार अनूपशहर प्रिया देवी मौके पर पहुंची और जांच की।