औरंगाबाद। अगौता थाना क्षेत्र के गांव धकोली में शुक्रवार शाम जुमे की नमाज के बाद अपराधी का सत्यापन करने पहुंचे दो दरोगा के साथ अपराधी समेत करीब 12-14 महिला-पुरूषों ने अभद्रता करते हुए हाथापाई की कोशिश की। पुलिस को आता देख सभी आरोपी मौके से भाग निकले। पीड़ित दरोगा की तहरीर पर अगौता पुलिस ने 27 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
शुक्रवार को जुम्मे की नमाज थी। नमाज अदा कराने के लिए अगौता थाने में तैनात दरोगा अंकित सिंह और तिपेंद्र सिंह गांव धकोली गए हुए थे। नमाज के बाद शाम को दो दरोगा गांव निवासी अपराधी शकील के मकान पर सत्यापन के लिए पहुंचे। वहां मौजूद युवक से दोनों दरोगा ने शकील के विषय में पूछताछ की।
युवक ने खुद को शकील बताते हुए सत्यापन का विरोध करते हुए मौके पर हंगामा कर दिया। शोर शराबा सुनकर 25-30 लोग मौके पर एकत्रित हो गए और दोनों दरोगा को लोगों ने घेर लिया। महिलाओं समेत लोगो ने दोनों के साथ अभद्रता करते हुए हाथापाई की कोशिश की।
दरोगा अंकित सिंह ने अगौता थाने के इंस्पेक्टर सोमनाथ राय को फोन कर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को आता देख सभी आरोपी मौके से भाग निकले।
Iपीड़ित दरोगा अंकित सिंह की तहरीर के आधार पर तीन महिला समेत 27 आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दो आरोपियों हाशिम और चांद खा को गिरफ्तार कर लिया गया है। - ऋजुल कुमार,एएसपीI