संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में कुछ युवकों ने गाली देने का विरोध करने पर एक युवक पर तमंचे की बट से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके घर पर पत्थर भी बरसाए, जिससे उसके घर के शीशे टूट गए। नगर पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। हालांकि, अब तक आरोपियों को पकड़ा नहीं जा सका है।
नगर कोतवाली में बालाजी एंक्लेव मोहनकुटी निवासी सुरेश भाटी ने तहरीर देकर बताया कि बुधवार को उसका भाई सोनू भाटी मामन रोड स्थित एक कैंटीन में बैठा हुआ था। वहां पर आरोपी बिट्टू ठाकुर निवासी मोहल्ला राधानगर और प्रिंस निवासी मोहल्ला रामविहार भी मौजूद थे। आरोपियों की उसके भाई से कहासुनी हो गई, जिस पर उसका भाई वहां से अपने घर आ गया। आरोप है कि कुछ देर बाद दोनों आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ घर पहुंच गए और गाली-गलौच करने लगे। गालियां देने का विरोध करने पर आरोपियों ने तमंचे की बट से सोनू भाटी के सिर पर वार कर उसे घायल कर दिया। आरोपियों के पथराव में घर के शीशे भी टूट गए। नगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। नगर कोतवाल ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।