बुलंदशहर। अक्तूबर माह की शुरुआत में हुई बारिश के साथ ही मौसम के बदलते तेवर अब लोगों की सेहत पर असर डालने लगे हैं। दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव होने से अस्थमा के मरीजों को अधिक परेशानी हो रही है। वहीं, अस्थमा के साथ वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम और खांसी के मरीज भी बढ़ गए हैं। प्रतिदिन सरकारी चिकित्सालय से लेकर निजी चिकित्सालयों में चिकित्सकों के पास मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें बुजुर्गों की संख्या अधिक है।
जिला चिकित्सालय के परामर्शदाता डॉ. रवि प्रकाश ने बताया कि तापमान में बदलाव अस्थमा के मरीजों को परेशान करने लगा है। कई मरीजों को हल्की सर्दी-जुकाम या संक्रमण के बाद सांस लेने में परेशानी हो रही है। बीमारी से बचने के लिए संतुलित खानपान, मौसमी फल व सब्जियों का प्रयोग करें।