जिला चिकित्सालय की पैथोलॉजी लैब में ब्लड की जांच करते लैब टेक्नीशियन। संवाद
बुलंदशहर। मौसम में ठंडक बढ़ने से जिला चिकित्सालय की पैथोलॉजी लैब में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। इन दिनों प्रतिदिन करीब 350 से 500 मरीज विभिन्न प्रकार की जांच कराने पहुंच रहे हैं। इनमें बुखार, खांसी-जुकाम, वायरल संक्रमण और कमजोरी से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक है।
मौसम में बदलाव के कारण वायरल संक्रमण की आशंका बढ़ने पर चिकित्सक रक्त जांच की सलाह दे रहे हैं। मरीजों में लक्षणों के आधार पर अलग-अलग जांचें कराई जा रही हैं। लगातार बुखार और ठंड लगने पर सीबीसी तथा मलेरिया की जांच की सलाह दी जा रही है। तेज बुखार, शरीर दर्द और प्लेटलेट्स कम होने की आशंका पर डेंगू की जांच हो रही है। खांसी-जुकाम और गले में खराश वाले मरीजों की संक्रमण संबंधी जांचें की जा रही हैं। कमजोरी, थकान और चक्कर आने पर हीमोग्लोबिन व सीबीसी जांच से खून की स्थिति का पता लगाया जा रहा है। पेशाब में जलन और पेट संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों को भी चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार जांच करानी पड़ रही है। चिकित्सकों के अनुसार, स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सकीय परामर्श लेकर आवश्यक जांच कराना चाहिए।
मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. धीर सिंह ने बताया कि पैथोलॉजी लैब में प्रतिदिन करीब 500 मरीज ब्लड जांच कराने आ रहे हैं। पहले यह संख्या करीब 300 थी, जिसमें वृद्धि हुई है। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पैथोलॉजी लैब पर 24 घंटे मशीनों का संचालन हो रहा है। इससे इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को भी काफी राहत मिल रही है।