आरोपी कासिब ने चकमा देकर कोर्ट में किया सरेंडर
खानपुर। थाना क्षेत्र के गांव अमरपुर में तीन दिन पूर्व हुई हत्या के मामले में आरोपी पुलिस को चकमा देने में कामयाब रहा और मंगलवार को एक पुराने में मामले में अपनी जमानत तुड़वाकर जेल चला गया।
गौरतलब है कि बीते दिनों अमरपुर गांव में सिरफिरे युवक कासिब ने मामूली विवाद में छुरा घोंपकर गांव निवासी आरजू की हत्या कर दी थी। रविवार रात बाइक से कोहनी लग जाने को लेकर कासिब व आरजू में विवाद हो गया, जिसके बाद कासिब ने चाकू से गोदकर आरजू की हत्या कर दी थी। हत्या कर आरोपी फरार हो गया था। हत्या के बाद से ही गांव में तनाव पसर गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की थीं। मंगलवार को दर्जनों ग्रामीणों ने सीओ के समक्ष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रदर्शन भी किया था। मंगलवार शाम हत्या का मुख्य आरोपी कासिब ने पुलिस को चकमा देकर वर्ष 2010 में पंजीकृत एक पुराने मामले में कोर्ट में सरेंडर कर दिया। थाना प्रभारी नरेश शर्मा ने बताया कि आरोपी अब से पूर्व भी दो बार जेल जा चुका है। एक पुराने मामले में आरोपी जमानत पर जेल से बाहर था। मंगलवार को जमानत तुड़वाकर आरोपी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। फरार अन्य दो हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।