पावर स्टेशन पर पुराना ओसीबी लगाने की सूचना पर मंगलवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। करीब 50 गांवों से पहुंचे लोगों ने बिजलीघर पर हंगामा किया और काम रुकवा दिया और धरने पर बैठ गए। हंगामे की सूचना पर पहुंचे एसडीओ और पुलिस ने आश्वासन देकर लोगों को शांत किया।
अरनिया पावर स्टेशन पर सोमवार को ओसीबी बदलने का काम चल रहा था। पावर स्टेशन पहुंचे ग्रामीणों ने पुरानी ओसीबी लगाने का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। बिजलीघर पर ओसीबी लगाने का काम भी रुकवा दिया।
ग्रामीणों का आरोप था कि पुरानी ओसीबी लगने पर फिर पावर कट झेलना होगा। नए ओसीबी का रुपया आने के बावजूद पुराना लगाया जा रहा है। इसके चलते करीब 50 गांवों से आए ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए।
इस दौरान फोन पर हुई बातचीत में एसडीएम ने विद्युत निगम के अधिकारियों से वार्ता कर नई ओसीबी लगवाने का आश्वासन दिया। वहीं एसडीओ राकेश कुमार ने भी बिजलीघर पर पहुंचकर उच्चाधिकारियों से इस संबंध में बातचीत का भरोसा दिलाया।
ग्रामीणों ने कहा कि अगर पुराना ओसीबी लगाया गया तो वह काम नहीं होने देंगे। विरोध प्रदर्शन करने वालों में अरुण कुमार, वेदप्रकाश, प्रमोद शर्मा, ओमवीर, रामखिलाड़ी, फतह सिंह समेत 50 गांवों के लोग मौजूद रहे। एसडीओ राकेश कुमार ने बताया कि स्टीमेट के मुताबिक ही ओसीबी लगाने के आदेश गाजियाबाद से आए हैं।