सेना के जवान और यूपी पुलिस के सिपाही की सड़क हादसे में मौत
- फोटो : अमर उजाला
बुलंदशहर के अगौता क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में भारतीय सेना के एक जवान और उत्तर प्रदेश पुलिस के एक सिपाही की मौत हो गई। यह हादसा अंबेडकर पार्क के सामने उस समय हुआ जब दोनों बुलेट पर सवार होकर अगौता से खरीदारी करने जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बुलेट को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे यह दर्दनाक दुर्घटना हुई।
जानकारी के अनुसार, मृतक सेना के जवान का नाम गौतम तेवतिया बताया जा रहा है। वहीं, रेगीन माथुर उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर कार्यरत थे। सिपाही रेगीन मित्र गौतम तेवतिया के साथ भतीजी की शादी में शिरकत करने करने बुलंदशहर आए थे। दोनों खरीदारी के लिए अगौता गए थे, रास्ते में यह हादसा हो गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।