बुलंदशहर। जिला चिकित्सालय की ओपीडी के कक्ष 16 में सोमवार को एक मरीज काउंटर से दवा न मिलने पर चिकित्सक के पास पहुंचा। आरोप है कि दवा बाहर से लेने को लेकर दोनों के बीच नोकझोंक हो गई। मरीज ने चिकित्सक पर अपशब्द कहने का आरोप लगाते हुए सीएमओ और मेडिकल कॉलेज की प्रधानाचार्य से शिकायत की। मेडिकल कॉलेज की प्रधानाचार्य ने सभी चिकित्सकों को बुलाकर भविष्य में इस तरह का व्यवहार न करने की चेतावनी दी। साथ ही बाहर की दवा न लिखे जाने को कहा।
मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला चिकित्सालय की ओपीडी के कक्ष संख्या 16 में सोमवार सुबह ब्लड प्रेशर का एक मरीज परामर्श लेने पहुंचा। दवा काउंटर से मरीज को एक दवा नहीं मिल पाई। मरीज दोबारा चिकित्सक के पास पहुंचा और दवा दिलवाने की मांग की। इसी बात पर दोनाें के बीच नोकझोंक हो गई। मरीज ने बाहर से दवा न लेने की बात कहते हुए सीएमओ और मेडिकल कॉलेज की प्रधानाचार्य को फोन पर जानकारी दी।
मेडिकल कॉलेज के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय मिश्रा ने बताया कि मरीज को एक दवा जन औषधि केंद्र से लेने को कहा गया लेकिन मरीज सरकारी काउंटर से ही दवा की मांग करता रहा। इसी बात को लेकर नोकझोंक होने की सूचना पर सभी सीनियर व जूनियर रेजिडेंट को बुला मरीज के साथ अभद्र व्यवहार न करने को कहा है।