लखावटी में सड़क किनारे जलते कूड़े के ढेर से उठता धुआ। संवाद
बुलंदशहर। शहर की वायु गुणवत्ता सूचकांक में अभी कोई राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। पिछले दिनों से शहर का एक्यूआई 200 के पार चल रहा है। शनिवार को शहर का 238 और खुर्जा का 194 एक्यूआई मापा गया।
उधर, एक्यूआई बढ़ने पर भी जगह-जगह धूल उड़ने और कूड़ा-कचरा जलाने के मामले सामने आ रहे हैं लेकिन विभागीय अफसर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे। जिसकी वजह से अन्य लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अगर लोग भी जागरूक हो और कूड़ा-कचरा जलाना बंद या जलाने वाले को रोके तो काफी हद तक एक्यूआई को बढ़ने से रोका जा सकता है।
उधर, एक्यूआई में गिरावट न होने से अस्थमा, एलर्जी एवं आंखों में जलन की समस्या बनी हुई है। अस्थमा, एलर्जी एवं आंखों में जलन की समस्या के मरीज प्रतिदिन सरकारी एवं निजी चिकित्सालय पहुंच रहे है। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अधिकारी विमल कुमार ने बताया कि वायु प्रदूषण को बढ़ने से रोकने के लिए लगातार अन्य विभागों के साथ प्रयास किया जा रहा है। लोगों से भी अपील है कि पानी का छिड़काव कर धूल को उड़ने से रोके, निर्माण सामग्री को ढककर रखे और कूडा-कचरा न जलाएं।