अनूपशहर कोतवाली पुलिस द्वारा पकड़ी गई शराब और तीन तस्कर। संवाद
अनूपशहर। लोकसभा चुनाव व होली से पहले थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। होली पर हुड़दंगियों व लोकसभा चुनावों के दौरान ग्रामीण को बेचने के लिए हरियाणा से तस्करी कर लाई गई 150 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब समेत पुलिस ने तीन तस्करों को पकड़ा है। शराब की कीमत करीब छह लाख रुपये आकी जा रही है।
एसपी देहात रोहित मिश्र ने बताया कि होली, ईद और लोकसभा चुनावों को लेकर पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट पर है। अपराधियों और शराब तस्करों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। थाना पुलिस को सूचना मिली कि बिचौला बंबे के पास व यूनिवर्सिटी के पास बाग में हरियाणा मार्का अवैध अंग्रेजी शराब का जखीरा पहुंचा है। जिसके बाद पुलिस ने बिचौला बंबे के पास 50 पेटी अवैध शराब के साथ एक शराब तस्कर को व यूनिवर्सिटी के पीछे एक आम के बाग से दो अन्य शराब तस्करों को 100 पेटी अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार शराब तस्करों की शिनाख्त अशोक निवासी गांव करनपुर नगला, वकील निवासी गांव शेरपुर, राजा निवासी मोहल्ला मदार गेट थाना अनूपशहर के रूप में हुई है। बरामद शराब की कीमत करीब छह लाख रुपये आकी जा रही है। पकड़े गए आरोपी वकील पर अलीगढ़ और बुलंदशहर जनपद में लगभग 10 मुकदमे और राजा पर अलग-अलग थानों में पांच मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।