बुलंदशहर। जिले में मलेरिया के मामले धीरे-धीरे बढ़ते जा रहे है। बुधवार को मलेरिया विभाग को एक महिला की पॉजिटिव रिपोर्ट मिली। इसके बाद जिले में कुल मामले आठ हो गए है। हालांकि डेंगू का अभी तक एक मामला सामने आया है। विभागीय अफसरों के अनुसार दानपुर ब्लॉक क्षेत्र के गांव देवी का नंगला निवासी 30 वर्षीय महिला गीता पिछले कई दिनों से बुखार से पीड़ित थी। परिजन उसका इलाज करवा रहे थे। बुखार न उतरने पर चिकित्सक ने मलेरिया जांच कराने की सलाह दी। मलेरिया जांच कराने पर महिला की निजी लैब से रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद विभाग की टीम मरीज से संपर्क करने में जुट गई है। वहीं, जिले में अब मलेरिया के कुल आठ केस हो चुके हैं। सात स्वस्थ हो चुके हैं। सीएमओ डॉ. सुनील कुमार दोहरे ने बताया कि मलेरिया विभाग को जांच कर एंटी लार्वा का छिड़काव कराने के निर्देश दिए है। संचारी रोग नियंत्रण अभियान भी अभी तक चल रहा है। लोगों से अपील है, अपने घरों के आसपास पानी का भराव न होने दे और साफ-सफाई रखें।