बुलंदशहर। परिषदीय विद्यालयों में वार्षिक परीक्षा कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है। विभाग के अनुसार 16 मार्च से 21 मार्च तक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। 31 मार्च को परिणाम आएगा। इसके बाद नया शिक्षण सत्र शुरू होगा।
जिले में 1862 परिषदीय व कंपोजिट विद्यालय है। इनमें करीब 2.50 लाख छात्र-छात्राएं हैं। बताया गया कि वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी तेज हो गई है। वहीं, परीक्षाओं का कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है। 25 मार्च को कॉपियों को जांचा जाएगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि प्रश्नपत्र तैयार कर परीक्षा को सकुशल तरीके से संपन्न कराने के निर्देश सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों व इंचार्ज को दिए गए हैं। परीक्षा 50 अंकों की होगी। इसमें कक्षा एक की मौखिक, दाे, तीन, चार, पांच में मौखिक और लिखित परीक्षा होगी। जबकि कक्षा छह से आठ के छात्र लिखित परीक्षा देंगे और ढाई घंटे तक परीक्षा चलेगी। परीक्षा में बहुविकल्पीय, अति लघु उत्तरीय, लघु उत्तरीय व दीर्घ उत्तरीय प्रश्न शामिल रहेंगे।
बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ.लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि इस बार परीक्षा को लेकर कई बदलाव किए गए हैं। वार्षिक परीक्षा और उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होने के बाद परीक्षाफल जारी करने के दौरान विद्यार्थियों के अभिभावकों की बैठक होगी। इसमें मूल्यांकन की गई उत्तर पुस्तिकाएं दिखाई जाएंगी। इसके बाद ही परीक्षाफल जारी होगा। संवाद