औरंगाबाद क्षेत्र की अनामिका शुगर मिल में पराई सत्र के शुभारंभ के अवसर पर जिला गन्ना अधिकारी और
औरंगाबाद। क्षेत्र में संचालित अनामिका शुगर मिल के पेराई सत्र 2026-27 का सोमवार को शुभारंभ हुआ। मिल के कार्यकारी उपाध्यक्ष डॉ. तेजवीर सिंह ढाका और जिला गन्ना अधिकारी सना आफरीन ने संयुक्त रूप से चैन कैरियर में गन्ना डालकर और नारियल फोड़कर पेराई सत्र की शुरुआत की। मिल में सबसे पहले गन्ना लेकर पहुंचे तीन किसानों को गुड़ की भेली और शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।
मिल के शुभारंभ से पहले वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना और यज्ञ किया गया। बुग्गी से गन्ना लेकर पहुंचे गांव बोदरा निवासी श्याम कुमार, टिप्पर से गन्ना लाने वाले अकबरपुर रेना निवासी सुरेंद्र सिंह और ट्रॉली से गन्ना लेकर पहुंचे भंडोरिया निवासी मुकेश को सम्मानित किया गया। कार्यकारी उपाध्यक्ष डॉ. तेजवीर सिंह ढाका ने किसानों से मिल को अधिक से अधिक गन्ने की आपूर्ति करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि नियमित गन्ना आपूर्ति से मिल का संचालन सुचारु बना रहेगा। साथ ही भुगतान के मामले में मिल को जिले में पहले स्थान पर रखने का भरोसा दिलाया। गन्ना महाप्रबंधक जितेंद्र पवार ने बताया कि गन्ना खरीद के लिए क्षेत्र में 48 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर खरीद शुरू हो गई है। इस सत्र में 1.15 लाख क्विंटल गन्ना खरीद का लक्ष्य रखा गया है। मिल की प्रतिदिन 60 हजार क्विंटल गन्ना पेराई की क्षमता है।
किसानों की सुविधा के लिए विश्राम कक्ष और पेयजल की व्यवस्था भी की गई है। इस दौरान मुख्य महाप्रबंधक संजय धीमान, रमेश मिश्रा, नीरज उज्ज्वल, मनोज शर्मा, त्रिलोक गुर्जर, सीताराम शर्मा, प्रमोद गुर्जर, नरेंद्र सिरोही, यादराम गुर्जर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।