बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला धमैड़ा अड्डा-नया गांव निवासी मोबाइल शॉप संचालक अमित कुमार की हत्या में संलिप्त दंपती को पुलिस ने गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया है। साथ ही आरोपियों के पास से आलाकत्ल सुआ व ईंट बरामद की है। आरोपी पति के कहने पर आरोपी महिला ने ही अमित को पहले घर बुलाया फिर पति के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को ठिकाने लगा कर उसके कपड़े जला दिए।
एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी जितेंद्र व उसकी पत्नी सीमा उर्फ शमा है। आरोपी जितेंद्र ने पूछताछ में बताया कि वह दिल्ली में एक कंपनी में हलवाई का काम करता है। गत 25 अक्तूबर को वह दिल्ली से घर वापस आया था। उस दौरान उसने अपनी पत्नी को किसी से फोन पर बात करते हुए देख लिया। इसके बाद उसकी पत्नी सीमा ने उसे देखकर फोन काट दिया व नंबर डिलीट कर दिया। इसके बाद से दोनों के बीच विवाद रहने लगा। अभियुक्त जितेन्द्र ने अपनी पत्नी को विश्वास में लेकर पूछा तो उसकी पत्नी ने बताया कि मृतक अमित की मोबाइल की दुकान पर रीचार्ज कराने और जितेंद्र द्वारा दिल्ली से अमित के मोबाइल पर रुपये डालने के दौरान उसकी मुलाकात करीब दो माह पूर्व अमित से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए थे। इसके बाद दोनों ने मिलकर अमित को मारने की योजना बनाई। योजना के तहत सीमा ने गत आठ नवंबर को अमित की दुकान से नया सिम खरीदा। साथ ही उसी सिम से नौ नवंबर की रात को अमित को अपने घर बुलाया। इसके बाद उसे एक कमरे में चारपाई पर बैठा दिया।
इसी दौरान आरोपी सीमा ने अमित के हाथ पकड़ लिए और जितेंद्र ने मौका पाकर बर्फ काटने वाले सुआ से अमित की गर्दन पर वार कर दिया और पास में रखी ईंट से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। देर रात में दोनों ने मिलकर अमित के शव को चादर में लपेटकर पास में ही कूड़े के ढेर में छिपा दिया। उसके बाद अमित के पहने हुए कपड़ों को बच्चों वाले मरघट/तालाब के किनारे ले जाकर जला दिया। साथ ही उसके सिम को तोड़कर भट्टे के पास फेंक दिया। अमित का मोबाइल ततारपुर रोड पर स्थित तालाब में फेंक दिया। दोनों ने आलाकत्ल ईंट व खून से सने कपड़ों को और बेडशीट को तकिये के कवर में रखकर अपने निर्माणाधीन मकान के जीने के नीचे छिपा दिया। साथ ही सुआ को पानी में धोकर स्याना रोड पर फेंक दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को ततारपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर आलाकत्ल ईंट व मृतक के अधजले कपड़े व दोनों के खून से सने हुए कपड़ों को बरामद कर लिया है।
खून किया साफ फिर कंधे पर लटकाकर ले गया शव
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि हत्या करने के बाद जितेंद्र और उसकी पत्नी ने शव से खून को साफ किया। उसके बाद चादर में लपेटकर शव को कंधे से लटकाकर कूड़े के ढेर तक ले गया। ढेर पर डालने के बाद उसके ऊपर मिट्टी डाल दी।