ककोड़। क्षेत्र के गांव निवासियों ने हिंदू मान्यताओं का पालन करने पर प्रधानाचार्य पर छात्रों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में राम-राम कहने या तिलक लगाने पर प्रधानाचार्य छात्रों का मानसिक उत्पीड़ने करते हैं। उन्होंने तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है। प्रधानाचार्य ने आरोपों को निराधार बताया है।
थाना ककोड़ के एक गांव निवासी हिमांशु, सतपाल, राहुल प्रधान, सोनू, मानसिंह आदि ने बताया कि गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य तिलक लगाने, राम-राम करने पर छात्रों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं। बच्चों द्वारा देवी, देवताओं और महापुरुषों के बनाए गए चित्रों को भी उन्होंने फाड़ दिया और विद्यालय में रखी मूर्ति को खंडित कर दिया।
ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र देते हुए जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय का कहना है कि मामला संज्ञान में है। जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।