चोला। मंदिर में दान की गई भूमि का फर्जी तरीके से बैनामा किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव गांगरौल निवासी भूदत्त पाठक ने बताया कि गांव निवासी स्वर्गीय नत्थीमल पुत्र रामचंद्र पैतृक भूमि में साझेदार थे। उन्होंने उक्त भूमि में से .250 हेक्टेयर भूमि जो कि शिव मंदिर के पास है। जुबानी तौर पर अपने जीवन में ही शिव मंदिर में दान कर दी थी। इसकी जानकारी उनके वंशजों को भी थी। उनके वंशज बनवारीलाल गुप्ता पुत्र नत्थीमल ने 21 फरवरी 2024 को उक्त भूमि को लिखित रूप से शिव मंदिर के पक्ष में दान दी थी। पूर्व प्रधान अशोक शर्मा ने वर्ष 2005 में परिवार रजिस्टर के साथ छेड़छाड़ करते हुए उक्त भूमि पर नत्थीमल पुत्र रूपचंद का नाम दर्ज कर दिया था। स्वर्गीय नत्थीमल पुत्र रूपचंद के वंशज राधेश्याम, अशोक शर्मा, यतेंद्र, योगेश ने कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर 13 मई 2024 को उक्त भूमि का बैनामा अशोक कुमार शर्मा के पुत्र योगेश के हक में कर दिया। अब योगेश, अशोक कुमार शर्मा उक्त भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करने की फिराक में है। मंदिर के सेवादारों ने बताया कि थाना चोला पर प्रार्थना पत्र दिए जाने के अलावा एसएसपी को भी प्रार्थना पत्र दिया गया। मगर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने कोर्ट में याचिका दायर की। पुलिस ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।