प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का कार्यालय। संवाद
बुलंदशहर। जिले में वायु प्रदूषण से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। शनिवार को खुर्जा में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में सुधार दर्ज किया गया जबकि बुलंदशहर में प्रदूषण का स्तर बढ़ गया। शहर का एक्यूआई 283 दर्ज किया गया जबकि खुर्जा में यह 228 रहा। दोनों शहरों की हवा की गुणवत्ता में अंतर और लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के कारण लोगों की परेशानी बनी हुई है।
पिछले कई दिनों से शहर और खुर्जा के वायु प्रदूषण का स्तर बढ़-घट रहा है। सुबह और शाम के समय हवा में प्रदूषण का असर अधिक महसूस हो रहा है। धूल और धुएं के कारण वातावरण में धुंध जैसी स्थिति बन रही है। इससे लोगों की परेशानियां भी बढ़ रही है। शनिवार को बुलंदशहर का एक्यूआई 283 तो खुर्जा का 228 रहा, जो खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। हालांकि, खुर्जा में प्रदूषण के स्तर में सुधार हुआ है लेकिन हवा की गुणवत्ता अभी भी संतोषजनक नहीं है। वहीं, बुलंदशहर में एक्यूआई अधिक रहने से लोगों को प्रदूषण से राहत नहीं मिल सकी। वायु गुणवत्ता सूचकांक में लगातार बदलाव के पीछे मौसम की स्थिति, हवा की गति, धूल और विभिन्न स्रोतों से निकलने वाला धुआं अहम कारण हो सकते हैं। हवा की गति कम होने पर प्रदूषक तत्व वातावरण में लंबे समय तक बने रहते हैं। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
कोट
प्रदूषण अधिक रहने पर सुबह और देर शाम अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग करें और किसी भी तरह की परेशानी होने पर चिकित्सक से परामर्श लें। - डॉ. रमित कुमार सिंह, जिला सर्विलांस अधिकारी
मौसम में बदलाव व हवा की गति मंद होने की वजह से भी वायु प्रदूषण के सूचकांक में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। दिवाली पर भी वायु प्रदूषण की निगरानी की जाएगी। - क्षितीश पटेल, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड