कार के बोनट पर आधुनिक हथियार रख AIMIM नेता ने बनाई रील
- फोटो : वीडियो ग्रैब
सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन के खिलाफ पुलिस की सख्त हिदायत के बावजूद रील बनाने का क्रेज थमने का नाम नहीं ले रहा है। वहीं, अब बुलंदशहर में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी दिलशाद कुरैशी उर्फ हड्डी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में नेताजी कार के बोनट पर आधुनिक हथियार रखकर प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं।
बुलंदशहर सदर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके और खुर्जा के निवासी दिलशाद हड्डी एक बार फिर चर्चाओं में हैं, लेकिन इस बार वजह राजनीति नहीं बल्कि उनका एक विवादित वीडियो है। वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि दिलशाद अपनी लग्जरी कार के बोनट पर एक आधुनिक हथियार रखकर पोज दे रहे हैं। इस वीडियो को उन्होंने खुद अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर पोस्ट किया, जिसके बाद यह देखते ही देखते सुर्खियों में आ गया। जैसे ही वीडियो इंटरनेट पर फैला, लोगों ने इसे कानून की धज्जियां उड़ाने वाला कृत्य बताया। जबकि, शासन के सख्त निर्देश हैं कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना या उनके साथ रील बनाना कानूनी अपराध की श्रेणी में आता है।
पूर्व प्रत्याशी होने के नाते दिलशाद हड्डी की इस रील ने स्थानीय राजनीति में भी चर्चाओं का बाजार गरम कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो का संज्ञान ले लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि वीडियो में दिख रहा हथियार लाइसेंसधारी है या नहीं, और यदि लाइसेंसधारी है, तो क्या उसके प्रदर्शन की शर्तों का उल्लंघन किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।