खुर्जा जंक्शन। लखनऊ-कानपुर के बीच रेलवे ट्रैक पर काम के चलते फरक्का एक्सप्रेस लगातार दस से 12 घंटे देरी से आ रही है। ट्रेन आगामी 12 मई तक देरी से आएगी। ऐसे में बिहार व पंजाब की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
बिहार के मालदा जंक्शन से चलकर पंजाब के बठिंडा जंक्शन जाने वाली फरक्का एक्सप्रेस खुर्जा जंक्शन पर रात एक बजे आती है। वहीं, बठिंडा से मालदा जाने वाले रूट में ट्रेन खुर्जा में 11 बजे आकर रुकती है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार लखनऊ से कानपुर के बीच रेलवे ट्रैक पर कार्य चल रहा है, जिस कारण ट्रेन का समय प्रभावित हो गया है।
बृहस्पतिवार को यह ट्रेन खुर्जा जंक्शन पर 12 घंटे और शुक्रवार को भी जो रात एक बजे आनी थी, वहीं दोपहर एक बजे करीब आई। खुर्जा निवासी आर्मी में नौकरी करने वाले देव चौहान ने बताया कि पंजाब जाने के लिए फरक्का बेहतर ट्रेन है। ट्रेन के देरी से आने के कारण अपने गंतव्य पर पहुंचने में भी देरी का सामना करना पड़ेगा।
इसके अलावा शुक्रवार को बठिंडा से चलकर मालदा जाने वाली फरक्का एक्सप्रेस चार घंटे, कटिहार से चलकर अमृतसर जाने वाली आम्रपाली एक्सप्रेस दो घंटे, कालका से चलकर कोलकाता जाने वाली हावड़ा कालका मेल एक घंटा, पुरानी दिल्ली से चलकर टूंडला जाने वाली ईएमयू पैसेंजर ट्रेन एक घंटा, लखनऊ से चलकर नई दिल्ली जाने वाली गोमती एक्सप्रेस एक घंटा देरी से खुर्जा जंक्शन पर पहुंची।
-
कोट :-
फिलहाल लखनऊ कानपुर के पास रेलवे ट्रैक पर कार्य के चलते ट्रेन देरी से आ रही है। 12 मई तक कार्य पूरा हो जाएगा, जिसके बाद ट्रेन निर्धारित समय से आएगी। - घनश्याम मीना, स्टेशन अधीक्षक