प्रतिकूल प्रविष्टि मिलने से छिनेगी चार की थानेदारी
बुलंदशहर। जनपद पहले से ही दरोगा और इंस्पेक्टरों की कमी से जूझ रहा है। अब प्रतिकूल प्रवष्टियां मिलने की वजह से जिले चार थानेदारों को हटाया जाएगा। दूसरे जिलों के अलग-अलग कप्तानों के द्वारा कुछ इंस्पेक्टरों पर कार्रवाई किए जाने से बुलंदशहर पुलिस अफसर सकते में है।
जिले में वर्तमान में तैनात चार थानेदार पहले गाजियाबाद और लखनऊ में तैनात रहे हैं। कुछ गड़बड़ियों के कारण उनपर जांच चल रही थी, अब गाजियाबाद के एसएसपी और लखनऊ से कमिश्नर ने उन पर कार्रवाई करते हुए प्रतिकूल प्रविष्टि दी है। देहात कोतवाली प्रभारी सुधीर कुमार त्यागी बुलंदशहर से पहले गाजियाबाद में तैनात थे। करीब डेढ़ साल पहले सुधीर कुमार त्यागी की कस्टडी में एक युवक की मौत हो गई थी। इस मामले में उन्हें निलंबित भी कर दिया गया था। जांच चल रही थी। करीब तीन दिन पहले गाजियाबाद एसएसपी कलानिधि नैथानी ने इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्यागी को प्रतिकूल प्रवष्टि दी है। इसी तरह से गाजियाबाद एसएसपी ने शिकारपुर इंस्पेक्टर उमेश कुमार पांडेय और खुर्जा देहात इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार गौड़ को भी प्रतिकूल प्रवष्टि दी है। इन पर भी गाजियाबाद में रहते हुए आरोप लगे थे और सस्पेंड हुए थे। वही, औरंगाबाद इंस्पेक्टर सुभाष सिंह को लखनऊ में रहते हुए गंभीर आरोप लगे थे। अब लखनऊ कमिश्नर ने इंस्पेक्टर सुभाष को प्र्रतिकूल प्रवष्टि दी है। नियमानुसार अब इन्हें इनके पद से हटाना पड़ेगा, उधर, जिले के एक इंस्पेक्टर की उम्र 58 साल हो चुकी है, जिसकी वजह से उन्हें भी हटना पड़ेगा। इस तरह एक साथ पांच थानेदारों को हटाया जाएगा।
जिले के चार इंस्पेक्टर को लखनऊ और गाजियाबाद से प्रतिकूल प्रवष्टि मिली है। इसलिए थाना प्रभारियों को नियम के अनुसार हटाना पड़ेगा। एक इंस्पेक्टर की उम्र 58 साल हो चुकी है। इसलिए पांच इंस्पेक्टर को हटाना पड़ेगा। - संतोष कुमार सिंह, एसएसपी